फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। बंगाली विस्थापित समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पीलीभीत में जिलाधिकारी से मुलाकात की और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक धन्यवाद पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से पुनर्वास की भूमि पर बंगाली विस्थापित परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करने के राज्य सरकार के निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि वर्षों से पुनर्वास भूमि पर निवास कर रहे कई परिवार अभी भी स्वामित्व अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे परिवारों के भूमि संबंधी विवादों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर उन्हें भी सरकार की इस योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि सभी पात्र परिवार सम्मानपूर्वक अपने अधिकार प्राप्त कर सकें। इस पर जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पात्र एवं वंचित परिवारों के मामलों में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी कर शीघ्र ही उन्हें भी मालिकाना हक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई जारी है और किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एक और महत्वपूर्ण मांग उठाई। उन्होंने बंगाली विस्थापित परिवारों का हिंदू वर्ण व्यवस्था के अनुरूप जातीय वर्गीकरण कर उन्हें विधिवत चिह्नित किए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने इस विषय पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए बताया कि दोनों प्रमुख मुद्दों पर मुख्यमंत्री से पहले ही चर्चा हो चुकी है और शासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इन मांगों का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण और जिला प्रशासन की सक्रिय पहल से उनकी लंबे समय से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। उनका मानना है कि इससे बंगाली विस्थापित परिवारों को न केवल अपनी भूमि पर कानूनी अधिकार मिलेगा, बल्कि उनकी सामाजिक पहचान और अधिकारों को भी मजबूती मिलेगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
