29 जून 2026 को थाना पटवाई क्षेत्र में एक डंपर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना पटवाई में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामपुर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए और कई टीमों को जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को महेश पुत्र लक्ष्मण निवासी मदारपुर का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद थाना पटवाई पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान जिवाई बाजार स्थित श्मशान के पास से महेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महेश ने बताया कि उसका साथी योगेश अपनी पत्नी से जुड़े निजी विवाद और कथित रूप से आपत्तिजनक फोटो वायरल होने की घटना से नाराज था। इसी रंजिश के चलते योगेश, उसके भाई मुनेश, महेश और विनोद ने मिलकर मृतक की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने कई दिनों तक मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी और सही मौके का इंतजार किया।
आरोपी के अनुसार, 29 जून की रात सूचना मिलने पर सभी आरोपी मोगा ढाबा के पास पहुंचे। वहां दो आरोपियों ने मृतक को पकड़ लिया, जबकि योगेश ने उसे गोली मार दी। वारदात के बाद महेश मोटरसाइकिल पर योगेश को बैठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रामपुर पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में प्रकाश में आए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है और यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
