संतकबीरनगर पुलिस ने बेलहर कला क्षेत्र में किशोरी गला दबाकर की गई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य बरामदगी के दौरान दोनों आरोपी भागने लगे, जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगने के बाद उन्हें दबोचा गया। दोनों आरोपियों को पहले सीएचसी मेंहदावल और बाद में जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू और मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले, निवासी नगर पंचायत बेलहर कला, टोला पनभरा, थाना बेलहरकला के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को बालूशासन पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मृतका का मोबाइल और सिम बरामद कराने के लिए जंगल बेलहर स्थित कुशहरा-दरही मार्ग पर ले जाया गया था। इसी दौरान दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। कई बार चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुकने पर पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग किया, जिससे दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
15 दिन पहले घर से गई थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, 28 जून को मृतका की मां ने थाना बेलहर कला में तहरीर देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री करीब 15 दिन पहले अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई थी और तीन दिन पहले घर लौटी थी। 28 जून की रात वह घर से गायब हो गई। सुबह उसका शव कब्रिस्तान के पास सागौन के पेड़ की टहनी से उसके ही दुपट्टे के सहारे संदिग्ध अवस्था में मिला।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा दिखाने का प्रतीत हुआ, जिस पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में दुष्कर्म और हत्या की बात कबूली
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो तथा एससी/ एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि घटना के बाद मामले में बेलहरकला थाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एसओ हरिकेश भारती एवं एसओजी प्रभारी रजनीश राय की अगुवाई में पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। मामले के सफल खुलासे और आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
किशोरी के शादी से इन्कार पर शरीफ बन गया हैवान
नगर पंचायत बेलहर कला में प्रेमी मोहम्मद शरीफ सिर्फ इस बात पर हैवान बन गया उसकी प्रेमिका ने शादी से इन्कार कर दिया। प्रेमिका के शादी से इन्कार पर शरीफ ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। दोनों ने पहले किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद प्रेमिका का मोबाइल और सिम लेकर उसे तोड़कर फेंक दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी मोहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू निवासी नगर पंचायत बेलहरकला टोला पनभरा थाना बेलहरकला का मृतका किशोरी से लगभग एक साल से प्रेम-प्रसंग था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन किशोरी ने मना कर दिया। इससे वह नाराज चल था।
इसके बाद उसने अपने गांव के दोस्त मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। 27 जून की रात लगभग 11:30 बजे उसने प्रेमिका को फोन कर कब्रिस्तान के पास मिलने के लिए बुलाया।
प्रेमी की मंशा से अनजान किशोरी उससे मिलने चली गई। वहां दोनों ने पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दुपट्टा सागौन के पेड़ से लपेटकर आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया और उसका मोबाइल लेकर भाग गए।
सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने शव देखकर शोर मचाया। इसके बाद लोगों की भीड़ जुटी और सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी में सर्विलांस ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों की गिरफ्तारी में सर्विलांस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल व सीडीआर निकाली। इसमें रात के समय अंतिम कॉल आरोपी मोहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू की पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम उनके पीछे लग गई।
पुलिस ने जब आरोपी के साथ सख्ती से पूछताछ की तो वह पुलिस के तीखे सवालों को काफी लंबे समय तक नहीं झेल पाया और पूरा राज उगल दिया। उससे मिली सूचना के बाद पुलिस ने उसके दोस्त आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले को भी दबोच लिया। पुलिस ने समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
