गाजीपुर के मरदह शिक्षा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बरही हरिजन बस्ती में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। विद्यालय भवन और खेल मैदान के ठीक बीच से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। बच्चे रोज इसी लाइन के नीचे खेलते, पढ़ते और शौचालय तक जाते हैं। बरसात और तेज आंधी के मौसम में तारों के झूलने से बड़ा हादसा होने का खतरा और बढ़ गया है। कई शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
खेल मैदान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन
प्राथमिक विद्यालय बरही हरिजन बस्ती के परिसर से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन सीधे होकर गुजर रही है। विद्यालय भवन, खेल मैदान और बच्चों की आवाजाही वाले हिस्से के ऊपर मौजूद यह लाइन हर दिन दुर्घटना की आशंका पैदा कर रही है।
आंधी-तूफान में बढ़ जाता है खतरा
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौहान ने बताया कि तेज हवा और बारिश के दौरान बिजली के तार झूलने लगते हैं। ऐसे समय बच्चों के खेलते या शौचालय जाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है, जिससे शिक्षक भी लगातार चिंता में रहते हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
विद्यालय की ओर से बिजली विभाग को इस संबंध में लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद न तो हाईटेंशन लाइन को हटाया गया और न ही उसे दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया गया। सुरक्षा के लिए भी कोई अतिरिक्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
नियमों की भी हो रही अनदेखी
विद्यालय परिवार का कहना है कि नियमानुसार स्कूल या आवासीय क्षेत्र से हाईटेंशन लाइन सुरक्षित दूरी पर होनी चाहिए। लेकिन यहां 11 हजार वोल्ट की लाइन सीधे विद्यालय परिसर के बीच से गुजर रही है, जो सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अभिभावकों में बढ़ा आक्रोश
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन नहीं हटाई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
15 दिन में समाधान नहीं तो होगा आंदोलन
ग्रामवासियों और विद्यालय परिवार ने बिजली विभाग, जिलाधिकारी और ऊर्जा मंत्री से 15 दिनों के भीतर हाईटेंशन लाइन को स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। रिपोर्ट -आर्यन सिंह 151176333
