बघेल मोहल्ला से श्मशान मार्ग तक बनी सीसी रोड पर हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
ढाल, निर्माण सामग्री और सड़क किनारे धंसाव को लेकर नागरिकों ने जताई चिंता, जांच व कार्रवाई की मांग
मध्य प्रदेश के भिंड से जहाँ सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता को लेकर रौन नगर परिषद एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बघेल मोहल्ला से श्मशान की ओर जाने वाली सीसी रोड पर स्थानीय नागरिकों ने निर्माण में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क का ढाल सही तरीके से नहीं बनाया गया, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी राघवेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि सड़क के बिल्कुल पास नाला बना हुआ है और सड़क का ढाल उसी दिशा में कर दिया गया है। उनका आरोप है कि यदि कोई ट्रैक्टर या भारी वाहन सड़क के किनारे से निकला तो सड़क धंस सकती है और वाहन नाले में पलट सकता है, जिससे जानलेवा दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति के लिए जिम्मेदार ठेकेदार, इंजीनियर या नगर परिषद में से कौन होगा।
वहीं बच्चू लाल बघेल ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। उनका कहना है कि हाल ही में बनी सड़क में कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं और किनारों से मिट्टी निकल रही है। यदि समय रहते मरम्मत और सुधार नहीं किया गया तो सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। सड़क के किनारों पर मिट्टी खिसकने की वजह से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। नागरिकों ने सड़क की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार कार्य कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन और भिंड कलेक्टर इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल, इन आरोपों पर नगर परिषद या संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। देखे भिंड से विमलेश की रिपोट
2026063008094787880585.mp4
