फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 23 वर्षीय कुख्यात अपराधी शिवम उर्फ सर्वजीत को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। शनिवार की रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सर्वजीत अपने एक साथी के साथ पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुुर गांव के पास छिपा हुआ है। एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर सर्वजीत का साथी फरार हो गया। खुद को घिरता देख शिवम ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक गोली बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की दो गोलियां सीधे शिवम के सीने में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मामला 28 मई का है, जब बिलसंडा के साइकिल कारोबारी पंकज कटियार के ससुर रमेश चंद्र ने अपने दामाद को धमकाने और उस पर हमला करने के लिए लखीमपुर खीरी के शिवम उर्फ सर्वजीत को 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। बिलसंडा बाजार में जब शिवम और उसके साथियों ने पंकज पर हमला किया, तो बीच-बचाव करने आए पड़ोसी दुकानदार पप्पू गुप्ता पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हत्या के बाद पुलिस ने पंकज की तहरीर पर ससुर रमेश चंद्र, साले विनीत, सीतेश, लकी, संजय, सीताराम राठौर, सुमित और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 'लकी' नाम के शूटर को मुठभेड़ में पकड़ा, जिसके बाद पूछताछ में शिवम का नाम सामने आया। रमेश चंद्र ने भी पूछताछ में शिवम को सुपारी देने की बात कबूल ली थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मारे गए अपराधी शिवम उर्फ सर्वजीत पर लखीमपुर खीरी और आसपास के जिलों में 2 हत्याओं सहित कुल 12 गंभीर मामले दर्ज थे। वह पप्पू गुप्ता हत्याकांड में मुख्य वांटेड अपराधी था और पुलिस एक महीने से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। उस पर कुल 1.75 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिसमें एसपी स्तर से 25 हजार, डीआईजी स्तर से 50 हजार और एडीजी स्तर से 1 लाख रुपये का इनाम शामिल था। एसपी ने जानकारी दी कि पप्पू गुप्ता हत्याकांड में शामिल कई अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है और अब मुख्य आरोपी शिवम का भी अंत हो गया है। पुलिस ने उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक 32 बोर की पिस्टल, एक देशी 315 बोर का हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
