-
- 120 जवानों के साथ पुलिस और RAF का शक्ति प्रदर्शन, संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला फ्लैग मार्च
- महिदपुर पुलिस की सख्ती: निगरानी बदमाशों की जांच, माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी
- मोहर्रम पर शांति बनाए रखने की अपील, आयोजकों को दिए शासन के निर्देशों के पालन के निर्देश
- सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
- भाईचारे के संदेश के साथ महिदपुर में फ्लैग मार्च, कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर में आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स ने नगर में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान निगरानी बदमाशों की भी जांच की गई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह और एसडीओपी ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स के करीब 120 जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर अयोध्या बस्ती चौराहा, अंबेडकर चौराहा, राजेंद्र मार्ग, चौक बाजार, किशनगंज दरवाजा, घाटी मोहल्ला, बैरजाली, दिलदारपुरा, यादव मोहल्ला, मोती मस्जिद और रामलीला मैदान सहित नगर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से मोहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही आयोजकों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी गई और स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने फ्लैग मार्च के दौरान थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाशों की भी जांच की और उन्हें माहौल खराब न करने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
मोहर्रम पर्व को लेकर महिदपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी और गश्त का अभियान जारी है। देखे महिदपुर से संजय जाट की रिपोर्ट

20260625183625668843732.mp4
20260625183636931238055.mp4
20260625183648003683515.mp4