सहजनवां के गीडा क्षेत्र सेक्टर 26 में बुधवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ईंट और एक पैर का जूता पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोट के निशान और मौके पर फैले खून को देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना सहजनवां थाना क्षेत्र के गीडा सेक्टर-26 की है। बुधवार दोपहर स्थानीय लोगों ने खेत किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा तो शोर मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ करने के साथ ही मृतक की फोटो भी लोगों को दिखाई। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शव की पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक के फोटो सोशल मीडिया और आसपास के थानों में भेजे गए हैं। पहचान नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
