मोहर्रम जुलूस के मद्देनजर भदरी महल में हाउस अरेस्ट की कार्रवाई, राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 पर प्रतिबंध
मोहर्रम पर फिर दोहराई गई पुरानी परंपरा, राजा भैया के पिता समेत 13 लोग हाउस अरेस्ट
यूपी प्रतापगढ़। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एक बार फिर एहतियाती कदम उठाते हुए भदरी राजपरिवार के मुखिया राजा उदय प्रताप सिंह सहित 13 लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया है। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शुक्रवार सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक सभी नामित व्यक्ति भदरी महल परिसर में ही रहेंगे और बिना अनुमति बाहर नहीं जा सकेंगे। जानकारी के अनुसार कुंडा कोतवाली पुलिस ने भदरी महल पहुंचकर हाउस अरेस्ट का नोटिस चस्पा किया। हर वर्ष की तरह इस बार भी मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। कुंडा क्षेत्र में मोहर्रम का जुलूस उस मार्ग से होकर गुजरता है जहां स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर वर्षों से भंडारे का आयोजन होता रहा है। प्रशासन सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए भंडारे की अनुमति नहीं देता और एहतियातन भदरी राजपरिवार के सदस्यों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करता है। इसी क्रम में राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को हाउस अरेस्ट किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है और मोहर्रम के अवसर पर प्रशासन विशेष सतर्कता बरतता है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है ताकि मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। कुंडा कोतवाली क्षेत्र स्थित भदरी महल में हुई इस कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी समुदायों के बीच सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। देखें प्रतापगढ़ से विशाल रावत की ख़ास रिपोर्ट

20260625130937046878477.mp4
20260625130946914452705.mp4
20260625131004330150376.mp4
20260625131104304456304.mp4
2026062513112305216330.mp4
20260625131253192384121.mp4