फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित योग शिविर में योग गुरु वीरेंद्र गिरी ने पालिका कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष किशनपाल लोधी, सफाई निरीक्षक रोहित सिंह, सभासद विष्णु बाबा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई मंडी परिसर में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष कैलाश सैनी के नेतृत्व में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं कोतवाली परिसर में योग गुरु सलेखचंद गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग तनावपूर्ण कार्य वातावरण में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अपराध मनोज त्यागी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त बुलंदशहर बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर में सभासद अंजलि सिसोदिया के नेतृत्व में महिलाओं ने योगाभ्यास किया। किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि मोहल्ला छिपियान स्थित प्राथमिक विद्यालय में विशेष योग शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें रोबिन चौधरी वार्ड सभासद, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं भानु प्रताप एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज (बीपीएएस) में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में एनसीसी बटालियन के कर्नल प्रियदर्शन चौधरी विशेष रूप से पहुंचे और कैडेट्स के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं विश्वविख्यात जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिजीत चौहान का विशेष सहयोग रहा। छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
नगर के विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी योग शिविर आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रमों में लोगों को नियमित योग करने, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे क्षेत्र में उत्साह, अनुशासन और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ तथा योग के माध्यम से स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
