रामनगर, वाराणसी, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में रविवार को वृहद योग शिविर का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" के तहत आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वाहिनी रवींद्रालय परिसर में आयोजित इस योग शिविर में पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी वाराणसी अनुभाग मनोज कुमार सोनकर (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस), सेनानायक, 36वीं वाहिनी पीएसी के मार्गदर्शन में किया गया।
योग प्रशिक्षक पीसी बृजेश प्रधान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से मानसिक एकाग्रता, शारीरिक सुदृढ़ता, कार्यकुशलता तथा तनावमुक्त जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास लंबी सेवा अवधि के दौरान मानसिक तनाव को कम करने तथा शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखने में सहायक होता है।
इस अवसर पर डीआईजी मनोज कुमार सोनकर ने योग के महत्व, विभिन्न आसनों के लाभ तथा स्वस्थ जीवन में योग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। वहीं सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम के समापन पर डीआईजी महोदय ने योग शिविर के सफल संचालन हेतु पीसी बृजेश प्रधान को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वाहिनी बैंड टीम को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पत्रकार सन्दीप मौर्या 146
