रामपुर। थाना पटवाई पुलिस ने एक अज्ञात शव मिलने के मामले का सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम रेहटगंज स्थित नवनिर्मित पुलिया के पास एक गंदे नाले में बोरे में बंद अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर चोटों के कारण हुए अत्यधिक रक्तस्राव और शॉक को बताया गया। इसके बाद मामले को हत्या में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शव की पहचान के लिए पुलिस ने पंपलेट जारी कर बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराए। जांच के दौरान मृतक की पहचान ‘पहाड़ी’ के रूप में हुई, जो रामपुर में शेरू वाल्मीकि की मीट की दुकान पर काम करता था।
विवेचना में सामने आया कि 12 जून को ग्राहक तक मीट पहुंचाने को लेकर मृतक और दुकान मालिकों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शेरू वाल्मीकि और वाजिद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रिनॉल्ट क्विड कार बरामद की गई तथा उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने पहाड़ी को शराब पिलाई और फिर डंडे से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर कार की डिग्गी में रखा और रेहटगंज के पास नाले में फेंक दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी शाहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना पटवाई पुलिस टीम ने की। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
