इटियाथोक/गोण्डा। इटियाथोक थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।इटियाथोक-बाबागंज रोड पर अयाह चौराहे के पास तेज रफ्तार अपाची बाइक सड़क किनारे लगे एलटी बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल जड़ से टूट गया और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में बिरमा पुर निवासी 25 वर्षीय मिथुन वर्मा पुत्र सम्मयदीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इटियाथोक पुरवा रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले वीरेंद्र पुत्र श्रवण कुमार का एक निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक अयाह गन्ना सेंटर के पास रहने वाले अरविंद यादव के पौत्र के बरही संस्कार के भोज में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। अयाह चौराहे पर बाइक अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। टक्कर से पोल का निचला हिस्सा टूट गया और पास में रखी सीमेंट की बेंच भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही इटियाथोक पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है, लेकिन किनारे लगे बिजली के पोल अब तक नहीं हटाए गए। यही हादसे की वजह बना। वहीं कुछ लोगों ने बाइक की तेज रफ्तार को भी हादसे का कारण बताया। बाइक चालक हेलमेट भी नहीं लगाए हुए था। रिपोर्ट पवन कुमार द्विवेदी गोंडा
