EPaper Join LogIn
एक बार क्लिक कर पोर्टल को Subscribe करें खबर पढ़े या अपलोड करें हर खबर पर इनकम पाये।

शॉर्ट सर्किट से फ्लैट में लगी आग, महिला झुलसी
  • 151170853 - NAND KISHOR SHARMA 54 65
    18 Jun 2026 19:08 PM



 हाईराइज सोसायटी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, सोसाइटी में फायर एनओसी नहीं होने का आरोप 

 

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बुझाने का प्रयास करते समय फ्लैट निवासी गौरव बंसल की पत्नी अनुजा बंसल का हाथ झुलस गया। समय रहते फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार एसपी-2 टावर स्थित फ्लैट नंबर-201 में एयर कंडीशनर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना के समय फ्लैट स्वामी गौरव बंसल किसी कार्य से मोहन नगर गए हुए थे। घर पर मौजूद उनकी पत्नी अनुजा बंसल ने आग फैलने से रोकने के लिए एसी का स्विच बंद करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान आग की चपेट में आया पर्दा उनके हाथ से चिपक गया, जिससे उनका हाथ झुलस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गौरव बंसल ने तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल को सूचना दी। सूचना पर अग्निशमन अधिकारी शेषनाथ यादव अपनी टीम के साथ मौके पर फायर बिग्रेड लेकर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायल अनुजा बंसल को उपचार के लिए यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

सूचना मिलते ही सोसायटी की पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रश्मि चौधरी भी मौके पर पहुंचीं और अनुजा बंसल को लेकर यशोदा अस्पताल गईं। घटना की जानकारी मिलने पर पारिवारिक मित्र सोनू पाठक, राजेश गर्ग, पूर्व महामंत्री आर.के. गर्ग, संत कुमार जैन समेत बड़ी संख्या में सोसायटी निवासी मौके पर पहुंच गए।

घटना के दौरान सोसायटी की कई गंभीर सुरक्षा खामियां भी उजागर हुईं। फायर विभाग की गाड़ी सोसायटी तक तो पहुंच गई, लेकिन एसपी-2 टावर के नीचे बनाए गए एक कथित अवैध जीने के कारण फायर कर्मियों को फ्लैट तक पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

गौरव बंसल ने बताया कि हाईराइज सोसायटियों में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसके बावजूद गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि सोसायटी के विद्युत पैनलों के तार जर्जर हालत में हैं, जिससे अक्सर बिजली में फ्लक्चुएशन होता रहता है। इस संबंध में कई बार आरडब्ल्यूए को शिकायत दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने दावा किया कि काफी समय पहले उन्होंने फायर विभाग और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर चेतावनी दी थी कि जर्जर विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा की अनदेखी के कारण कभी भी आग लग सकती है। बुधवार को हुई घटना ने उनकी आशंका को सही साबित कर दिया।

गौरव बंसल के अनुसार फायर विभाग भी पूर्व में कई बार सोसायटी की आरडब्ल्यूए को नोटिस जारी कर चुका है। अग्निशमन विभाग द्वारा तत्कालीन अध्यक्ष और सचिव के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर आवश्यक सुधार नहीं किए गए। उनका आरोप है कि सोसायटी के पास अब तक वैध फायर एनओसी नहीं है और सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

घटना के संबंध में गौरव बंसल ने पुलिस को तहरीर भी दी है। सूचना मिलने पर नासिरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सोसायटी के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का तत्काल ऑडिट कराया जाए, अवैध निर्माण हटाए जाएं तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कर भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जाए।

रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853



Subscriber

188762

No. of Visitors

FastMail

वाराणसी - दिल्ली में खराब मौसम का असर, सुरक्षा कारणों से दो उड़ानें वाराणसी डायवर्ट     वाराणसी - पांच हजार करोड़ से काशी बनेगा सिटी इकोनॉमिक रीजन, कैंट से बाबतपुर तक होगा रोपवे का विस्तार     वाराणसी - काशी विश्वनाथ धाम से मुखनिर्मालिका गौरी और मां विशालाक्षी शक्तिपीठ को भेजा गया उपहार     वाराणसी - काशी विश्वनाथ मंदिर की पहली गंगा आरती छह बजे होगी शुरू, 45 मिनट चलेगी; ललिता घाट पर निहारेंगे लोग     चंदौली - गुब्बारे में हवा भरने वाले गैस सिलिंडर में हुआ ब्लास्ट, दो घायल     चंदौली - निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, गुणवत्ता पर उठे सवाल, सपा सांसद का धरना