फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। पुलिस ने ऐसे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को पैसे कमाने का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उन खातों को साइबर ठगों को बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। बुलंदशहर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी आम लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे और बैंकिंग किट, एटीएम कार्ड, चेकबुक व अन्य दस्तावेज साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खातों के खिलाफ देश के कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और दस सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रत्येक बैंक खाते के बदले 30 से 35 हजार रुपये तक प्राप्त करते थे। पुलिस का दावा है कि इन खातों के माध्यम से अब तक करीब पांच करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का लेन-देन किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
