आगरा। ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन से जुड़े गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान में आने वाले चढ़ावे और दान राशि की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में आने वाले दान के उपयोग और प्रबंधन को लेकर गंभीर अनियमितताएं हो रही हैं।
धर्मदास महाराज ने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद और जांच की मांग उठ रही है, उसी प्रकार श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले चढ़ावे की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि वर्षों से दान राशि के प्रबंधन में गड़बड़ियां हो रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि दानपात्र खोले जाने के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं तथा दान में प्राप्त नकदी, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुओं के संबंध में पारदर्शिता नहीं बरती जाती। साथ ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों की संपत्तियों की जांच कराने की मांग भी की।
धर्मदास महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच नहीं कराई गई तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर से जुड़े पुजारियों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कराए जाएं ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
उन्होंने मांग की कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों और उनके रिश्तेदारों द्वारा अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जाए तथा यह पता लगाया जाए कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी संपत्ति में हुई वृद्धि का स्रोत क्या है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित मंदिर प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
