फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन को इस वर्ष प्रतापगढ़ में सेवा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाने की तैयारी की गई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन, अंबेडकर चौराहा पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जून को राहुल गांधी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर क्षेत्र के महुली बाजार स्थित वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उन्हें भोजन कराया जाएगा, फल वितरित किए जाएंगे तथा उनके साथ केक काटकर जन्मदिन का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देना है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर आम लोगों की समस्याओं को समझने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता ही राहुल गांधी की राजनीति की पहचान है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उनके जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताएंगे, उनका हालचाल जानेंगे तथा उन्हें सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर भोजन एवं फल वितरण के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला ने कहा कि सेवा ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और राहुल गांधी के जन्मदिन पर किया जाने वाला यह आयोजन समाज के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। बैठक में कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, विजय शंकर त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक, मौलाना वाहिद, संदीप त्रिपाठी, आर.पी. वर्मा, प्रेम शंकर द्विवेदी, सरोज कश्यप, इन्द्रानंद तिवारी, चंद्रनाथ शुक्ला, रामरतन तिवारी, भवानी शंकर दुबे, सुरेश कुमार सरोज, विवेक पांडे, सुभाष तिवारी, रविंद्र मिश्रा, अनिल मौर्य, विकास जायसवाल, रियाज सुल्तान, आशिक अली, सलमान खान, अंजनी पांडे, विनीत मिश्रा, मुन्ना लाल यादव, प्रकाश पाण्डेय, विनय मिश्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
