पसंद के युवक से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, फायर टीम ने बचाई जान
न्यायालय परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा: टंकी से कूदने की धमकी दे रही युवती का सफल रेस्क्यू
फायर टीम की बहादुरी से टला बड़ा हादसा, 100 फीट ऊंची टंकी से सुरक्षित उतारी गई युवती
मोबाइल पर बात करते हुए कूदने की दे रही थी धमकी, पीछे से पहुंची फायर टीम ने दबोचा
यूपी प्रतापगढ़। जनपद न्यायालय परिसर स्थित जल निगम की ओवरहेड वाटर टंकी पर एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती टंकी के ऊपर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी। सूचना मिलते ही फायर विभाग, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजू उपाध्याय के निर्देशन में फायर स्टेशन प्रभारी राधेश्याम दुबे एवं कृपा शंकर यादव अपनी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए टंकी पर जाने वाली सीढ़ी के माध्यम से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टंकी के ऊपर पहुंचने पर देखा गया कि युवती मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी और कह रही थी कि यदि उसकी शादी उसकी पसंद के युवक से नहीं हुई तो वह टंकी से कूदकर अपनी जान दे देगी। बातचीत में व्यस्त होने के कारण युवती को यह आभास नहीं हुआ कि फायर सर्विस की टीम उसके पीछे तक पहुंच चुकी है। मौका मिलते ही फायर कर्मियों ने साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को पीछे से सुरक्षित पकड़ लिया और उसे सकुशल नीचे उतार लिया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और युवती की जान बच गई। पूछताछ में युवती ने अपना नाम पूनम पुत्री श्यामलाल, उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी पूरे मुस्तफा खान, प्रतापगढ़ सिटी बताया। बाद में आवश्यक कानूनी एवं अन्य कार्रवाई के लिए युवती को चौकी प्रभारी सिविल लाइंस तथा महिला कांस्टेबलों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल रेस्क्यू अभियान में फायरमैन संदीप कुमार, अवनीश कुमार, राहुल कुमार एवं मंजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने फायर विभाग की तत्परता और बहादुरी की सराहना करते हुए टीम के कार्य की प्रशंसा की। देखें प्रतापगढ़ से विशाल रावत की ख़ास रिपोर्ट

20260618124236553437671.mp4
20260618124319025286567.mp4
20260618124549168613126.mp4
20260618124623909560716.mp4