जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से रूबरू हो रहे नागरिक, तुलसीसदन में लगी विकास प्रदर्शनी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जन कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग प्रतापगढ़ द्वारा तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक/प्रदेश मंत्री भाजपा सुरेश पासी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में इस दौरान विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र व ओम प्रकाश त्रिपाठी, महामंत्री राजेश मिश्रा उर्फ राजन व अन्य पार्टी पदाधिकारी व प्रबुद्धजन, आमजन मानस उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास की यात्रा से अवगत कराना है। प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में विकसित हो रही बृहद आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त श्री राम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या, श्री काशी विश्वनाथ धाम वाराणसी, महाकुंभ प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण एवं विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण बनी हुई हैं। प्रदर्शनी स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट के साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में आगंतुक फोटो खिंचवा रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए हैं। इस अवसर पर विधायक/भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की उन योजनाओं और कार्यों को जनता तक पहुंचाना है, जिनका सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा उपलब्धियों को चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। भारतीय सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। सेना को स्वदेशी बुलेट प्रूफ जैकेट, आधुनिक हथियार एवं अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, जिससे देश की रक्षा क्षमता और अधिक सुदृढ़ हुई है। आज भारतीय सेना विश्व की प्रमुख और शक्तिशाली सेनाओं में शामिल हैै। प्रदेश मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और विकास को भी प्राथमिकता दी है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का विकास तथा चित्रकूट, मथुरा सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास के कार्यों ने देश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान की है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रदेश के अधिकांश जनपदों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की गई है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को पक्के मकान मिले हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों का निर्माण कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है। हर घर जल योजना के माध्यम से पेयजल की उपलब्धता बढ़ी है, जबकि विद्युत आपूर्ति में सुधार से गांव-गांव तक बिजली पहुंची है। प्रदेश में फोर लेन, सिक्स लेन, सड़कों के चौड़ीकरण आदि कार्य किये गये है जिससे सफर करने में आसानी हुई है।
कार्यक्रम में विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है और विकास की यह यात्रा निरंतर जारी है। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपना मूल मंत्र बनाकर कार्य किया है। पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, ओम प्रकाश त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने अपने विचार व्यक्त करते हुये कार्यक्रम का समापन किया। जिला सूचना अधिकारी सविता यादव ने बताया कि विकास प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से आमजन के लिए खुली रहेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रदर्शनी में पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
