फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में रविवार की रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए चौबेपुर थाना में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शंकरपुर निवासी अर्पित कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि वह 15 जून की रात करीब नौ बजे अपनी मोटरसाइकिल से मित्र के घर जा रहे थे। रास्ते में अपने मित्रों आकाश सिंह और धीरज यादव से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आजाद सिंह उर्फ भीम अपनी अर्टिगा कार से कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे और उनकी खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आजाद सिंह ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी तथा अपने भाई राजेश सिंह और रोशन सिंह को बुलाकर तीनों ने मिलकर उनकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।वहीं दूसरे पक्ष के आजाद सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपने कार्यस्थल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव स्थित सुभाष पाण्डेय की दुकान के पास अर्पित उर्फ सिबू ने उन्हें रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद अर्पित अपने भाई मनीष सिंह और तीन अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंच गया तथा लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। आजाद सिंह ने यह भी दावा किया कि घटना की रिकॉर्डिंग उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उपलब्ध है।वही थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
