घर से खींचकर की थी हत्या, पुलिस ने एक दिन में दबोचे चार आरोपी
फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी पिछोर/भौंती। थाना भौंती क्षेत्र के ग्राम भयावन मजरा पीपरवाला में हुए चर्चित प्रभान सिंह लोधी हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना भौंती पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या के मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 16 जून 2026 को मीना लोधी निवासी ग्राम भयावन मजरा पीपरवाला थाना भौंती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच कुछ लोग उनके पति प्रभान सिंह लोधी को घर के अंदर से खींचकर बाहर ले गए और लाठी, डंडों तथा पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण प्रभान सिंह लोधी की मौत हो गई।
फरियादिया की शिकायत पर थाना भौंती में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। हत्या जैसे गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में थाना भौंती प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम गोयल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाकर 17 जून 2026 को मामले के मुख्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बलवीर पाल पुत्र सदाराम पाल (35 वर्ष), परमेश्वरदास पुत्र भृगभान सिंह पाल (38 वर्ष), मिजाजी पाल पुत्र ओमकार लाल पाल (34 वर्ष) तथा बलवीर पाल पुत्र रामदीन पाल (30 वर्ष) निवासीगण ग्राम भयावन मजरा भोड़न थाना भौंती जिला शिवपुरी शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम गोयल, सहायक उप निरीक्षक संजय भगत, सहायक उप निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह भदौरिया सहित थाना भौंती के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हत्या जैसे गंभीर अपराध में महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी को क्षेत्र में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। रिपोर्टर राजू जाटव पिछोर
