गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मरदह पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मरदह में दर्ज पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के मामले में वांछित एक अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव अपनी टीम के साथ करहर बुजुर्ग तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मरदह में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0149/2026 में वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देखकर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
घायल होने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह पहुंचाया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतोष यादव (40 वर्ष), पुत्र उमाशंकर यादव, निवासी ग्राम देवरिया थाना जमानियां, हाल पता वयेपुर देवकली थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 750 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना मरदह में मुकदमा अपराध संख्या 173/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में यक्ष एप की भी सहायता ली गई। घटना के अनावरण के लिए पूर्व में जेल जा चुके तथा घटनास्थल के आसपास रहने वाले अपराधियों की सूची तैयार कर गहन जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संतोष यादव के खिलाफ पहले से लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली और नंदगंज थाना क्षेत्रों के मामले भी शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव सहित मरदह थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रिपोर्ट -आर्यन सिंह 151176333
