फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जनपद कासगंज में एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी शादी 20 जून 2026 को आकाश पुत्र मलिखान सिंह, निवासी कन्हा पार्क आवास विकास कॉलोनी, के साथ तय हुई थी। युवती के अनुसार शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और निमंत्रण पत्र भी छप चुके थे, लेकिन अब लड़का पक्ष ने विवाह करने से इनकार कर दिया है। इस अचानक लिए गए फैसले से वह और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी तय होने के बाद युवक ने विवाह का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अब शादी से इनकार किए जाने के बाद वह न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। युवती का कहना है कि उसने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कासगंज को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन लगभग चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे वह काफी निराश और परेशान है। युवती ने बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में केवल उसकी मां और भाई हैं, लेकिन उसकी समस्या का समाधान कराने वाला कोई नहीं है। ऐसे में उसने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कराने की अपील की है। पीड़िता ने प्राासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
