पीपीगंज थाना क्षेत्र के चकिया चौराहे के पास शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे एक डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद उसकी बाइक डंपर में फंस गई और करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। ग्रामीणों ने पीछा कर रायपुर के पास चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल युवक की पहचान रसूलपुर चकिया निवासी रामपाल के बेटे विजय (18) के रूप में हुई है। हादसे में उसे मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय अपनी बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया, जबकि बाइक डंपर में फंस गई। चालक ने वाहन रोकने के बजाय डंपर लेकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। सड़क पर बाइक घिसटते देख राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने डंपर का पीछा शुरू कर दिया।
रायपुर के पास घेराबंदी कर डंपर को रुकवाया गया और चालक को पकड़ लिया गया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गश्त पर निकले थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट फूलमती मौर्य 151188511
