APK फाइल भेजकर क्रेडिट कार्ड से की गई थी ऑनलाइन धोखाधड़ी, तेलंगाना से बरामद हुआ वनप्लस 13R मोबाइल
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच प्रतापगढ़ साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक को उसका मोबाइल फोन वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते धोखाधड़ी की रकम से खरीदा गया महंगा एंड्रॉयड मोबाइल बरामद कर पीड़ित को सुपुर्द कर दिया गया। साइबर क्राइम पुलिस थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार पट्टी थाना क्षेत्र के धारुपुर निवासी राकेश कुमार यादव के साथ साइबर ठगों ने APK फाइल भेजकर क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ₹38,799 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की थी। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से पता लगाया कि ठगी की गई रकम से ONEPLUS 13R (12GB/256GB) मोबाइल फोन खरीदा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त मोबाइल का भुगतान जियो पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड के माध्यम से किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और सीएएफ (Customer Application Form) के आधार पर मोबाइल का उपयोगकर्ता तेलंगाना राज्य के सिरसिल्ला जनपद निवासी एक व्यक्ति पाया गया। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क स्थापित कर मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिया और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे प्रतापगढ़ मंगवाया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बरामद मोबाइल फोन पीड़ित राकेश कुमार यादव को सुपुर्द कर दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ित ने प्रतापगढ़ पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। साइबर क्राइम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध संदेश पर क्लिक न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से धनराशि और डिजिटल संपत्ति की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
