वृन्दावन। रामताल रोड़ स्थित गणेश सिटी सोसायटी के श्रीराधा नील माधव जू मन्दिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ चल रहा है।जिसके छठवें दिन व्यासपीठाधीन श्रद्धेय आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने अपनी सरस वाणी के द्वारा समस्त भक्तों-श्रृद्धालुओं को महारास लीला, मथुरा गमन, कंस वध एवं भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणि विवाह की कथा का रसास्वादन कराया।
आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के द्वारा असंख्य ब्रज गोपिकाओं के साथ की गई महारास लीला अत्यंत दिव्य और रसमयी थी।क्योंकि महारास में सम्मिलित ब्रजगोपियां कोई साधारण स्त्रियां नहीं थी।वो पूर्व जन्म के महान तपस्वी ऋषि-मुनि थे।जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को अपने पति के रूप में पाने के लिए अनन्त युगों तक कठोर तपस्या की थी।इसीलिए ब्रजगोपियां भी भगवान श्रीकृष्ण के समान ही परम आनंदमयी व चिन्मयी थीं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने महारास असंख्य ब्रजगोपियों के हृदय की अभिलाषा को पूर्ण करने लिए व अभिमानी कामदेव के अभिमान को नष्ट करने के लिए श्रीधाम वृन्दावन के यमुना तट पर शरद पूर्णिमा की रात्रि को किया था।जिसमें उन्होंने अनेकों रूपों में अपनी बांसुरी बजाकर संपूर्ण विश्व को ब्रजमंडल की ओर आकर्षित किया। लीला पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की महारास लीला के दर्शनों के लिए समस्त देवी-देवताओं के साथ भगवान शिव भी ब्रज गोपी का स्वरूप धारण कर श्रीधाम वृन्दावन पधारे थे।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणि विवाह की अत्यंत नयनाभिराम व चित्ताकर्षक झांकी सजाई गई।साथ ही विवाह से संबंधित बधाइयों का गायन किया।जिस पर समस्त भक्तों-श्रृद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया।
कार्यक्रम में कथा के मुख्य यजमान प्रणव अवस्थी (नई दिल्ली), थोईबी शर्मा, विजय शर्मा , दीप्ति अग्रवाल, नंदिका अग्रवाल, कुमकुम शर्मा, आरती शर्मा, बाल कृष्ण शर्मा, धनवी गोस्वामी, श्रीमती शकुंतला शर्मा, आशीष शर्मा, असीम शर्मा, दीपक भारद्वाज, साधना गोस्वामी, पुनीता भारद्वाज, बबीता शर्मा, राजकुमार शर्मा, मनीषा गोस्वामी, समीक्षा गोस्वामी, विदुषी गोस्वामी, गोपाल खंडेलवाल, बाल कृष्ण,अजय शर्मा,शैफाली शर्मा, अभिजीत शर्मा, शर्मिला शर्मा, मिक्की शर्मा, मोहन श्याम, जॉय गोस्वामी, अब्बू गोस्वामी, प्रमोद शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
