उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ आगरा इकाई ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्पष्ट कहा कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
खेरागढ़ इकाई के अध्यक्ष सूरज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नवागंतुक मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आगरा से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अनेक शिक्षकों के प्रकरण लंबे समय से खंड शिक्षा कार्यालयों में लंबित पड़े हैं, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
खेरागढ़ इकाई के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना भी है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।
शिक्षक संघ की इस पहल को जिले के शिक्षकों ने सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा और शिक्षकों को राहत मिलेगी।
प्रमुख पदाधिकारी में मुनेन्द्र राठौर, मनोज शर्मा, राकेश शर्मा, मनीष कोहली, राघवेन्द्र सिकरवार, दिनेश शर्मा, रंजीत सिंह चाहर, उमेश गर्ग, प्रभात मंगल, अनन अग्रवाल, भगवती खंडेलवाल, तिलक चन्द पचौरी, लक्ष्मीनारायण गोयल, राजीव शर्मा, रामनिवास असोलिया, राहुल कौशिक, हरेन्द्र वर्मा, दिव्यांशु तिवारी, शिव सिंह, नेत्रपाल चाहर, पुनीत गोयल, प्रदीप चौधरी, शशांक भारद्वाज, अतीकुर्रहमान, मोहित, संजीव मिश्रा, मंगल सेन सहित अन्य शिक्षक नेता शामिल रहे । रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
