फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में संचालित ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को बीपीएम डॉ. आर. वी. यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का आकलन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतापगढ़, रायबरेली एवं सुल्तानपुर जनपदों के ईएमटी प्रतिभागियों ने भाग लिया। डॉ. यादव ने प्रशिक्षण सत्रों का बारीकी से अवलोकन करते हुए कहा कि ईएमटी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की वह महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का कार्य करते हैं।सीउन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण से ईएमटी कर्मियों की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता मिलती है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने ज्ञान, व्यवहारिक कौशल एवं सकारात्मक कार्यशैली को लगातार विकसित करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने एम्बुलेंस में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, उनके सही उपयोग, चिकित्सा उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा वाहनों के रखरखाव की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में छोटी-सी चूक भी गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए सभी उपकरणों एवं संसाधनों को सदैव क्रियाशील अवस्था में रखना आवश्यक है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं और ईएमटी स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस दौरान लखनऊ से आए ट्रेनर रोहित चंद्रा (ईएमएलसी), क्वालिटी ऑडिटर अनुज कुमार मिश्रा तथा प्रोग्राम मैनेजर पवन कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने भी सक्रियता से भाग लेते हुए आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
