रामपुर ,
08 जून। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) रामपुर की ओर से युवा जिला अध्यक्ष सलमान शाह खान के नेतृत्व में ग्राम रतनपुरा शुमाली, थाना अजीमनगर, तहसील सदर, विधानसभा चमरौआ की बदहाल एवं जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर जलभराव एवं कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो जाता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सड़क किनारे रहने वाले लोगों के घरों के सामने गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम प्रधान से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
AIMIM नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर युवा जिला मीडिया इंचार्ज अयान खान, युवा जिला महासचिव जुनैद खान, युवा जिला महासचिव अय्यूब, आसिफ, नईम, मजहर खान (बबलू), तालिब, जफर, नबी हसन, उस्मान अली, मोहम्मद सईद सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
AIMIM नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा आम जनता की बुनियादी समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाती रही है तथा आगे भी जनता के अधिकारों और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष जारी रखेगी। रामपुर से जावेद मियां की रिपोर्ट
