खैरागढ़ बीते रविवार 7/6/26 मध्य रात्रि के ग्राम सौरा स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात चोर मंदिर से घंटा चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सौरा के दुर्गा मंदिर की देखरेख कर रहे राम भरोसी बाबा को रविवार, 7 जून 2026 की सुबह मंदिर का घंटा गायब मिला। उन्होंने तत्काल गांव के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताया।
ग्रामीणों द्वारा तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस सहायता वाहन कुछ ही समय में मौके पर पहुंच गया। पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी एकत्र की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में इस प्रकार की घटना पहली बार हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
