रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में स्कूलों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को प्राप्त शिकायत के आधार पर कम्पोजिट विद्यालय चौखण्डी और प्राथमिक विद्यालय मेवला फार्म से गैस सिलेंडर, राशन, बर्तन तथा अन्य सामान चोरी होने का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मकबूल, अफरोज उर्फ बिल्ली और अता मोहम्मद के नाम सामने आए।
पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टांडा पुलिस और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए मकबूल और अफरोज उर्फ बिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक ईस्टमैन बैटरी, गैस चूल्हा, एलईडी टीवी और एचपी गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले में नामजद तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अफरोज उर्फ बिल्ली के खिलाफ विभिन्न जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
