फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में शनिवार को जिला मुख्यालय पर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट तथा किसानों की समस्याओं को लेकर व्यापक धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। धरने को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।सरकार को तत्काल बढ़े हुए दाम वापस लेकर आवश्यक वस्तुओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के कारण उनका परिश्रम प्रभावित होता है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। समाजवादी पार्टी नेताओं ने प्रदेश में भीषण गर्मी के दौरान खराब बिजली व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। पार्टी ने चौबीस घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की। धरने के दौरान पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लोगों के खिलाफ कथित फर्जी मुकदमों एवं एनकाउंटर की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। नेताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए तथा निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।किसानों की समस्याओं को उठाते हुए वक्ताओं ने कृषि कार्यों के लिए विशेष ईंधन उपलब्ध कराने, खाद और सिंचाई के लिए पानी की समुचित व्यवस्था करने तथा खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।धरना-प्रदर्शन में सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल, विधायक डॉ. आर.के. वर्मा, विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
