रामपुर के थाना सैफनी क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
रामपुर के थाना सैफनी में 4 जून को एक महिला की तहरीर पर साबिर अली निवासी ग्राम खरसौल के खिलाफ मानसिक रूप से दिव्यांग नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और गलत हरकत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक 5 जून को चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी बैरुआ पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी साबिर अली के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग दिव्यांग लड़की के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। हालांकि यह पुलिस का दावा है, जिसकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।
पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
