फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक गुरुवार को मीराभवन स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, बढ़ती महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, महिलाओं की सुरक्षा, छात्र-नौजवानों और किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। वक्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को भी गंभीर विषय बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में छात्र-नौजवानों का भविष्य असुरक्षित हुआ है और आरक्षण व्यवस्था के साथ भी अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को उजागर करें तथा वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जनसमर्थन जुटाएं। बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ कमेटियों के गठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। नेताओं ने एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
