फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब जवानों ने एक नेपाली नागरिक को लगभग 250 ग्राम इंडस्ट्रियल विस्फोटक के साथ धर दबोचा। आरोपी अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के बाद से सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कंधई राणा के रूप में हुई है, जो नेपाल के थाना बिलौरी अंतर्गत ग्राम परसिया का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पिछले डेढ़ महीने से उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित धारी देवी क्षेत्र में एक ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहा था। बुधवार को वह सीधे उत्तराखंड से पीलीभीत के माधोटांडा सीमावर्ती क्षेत्र पहुँचा और शारदा नदी के कल्लू घाट के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था। इसी दौरान एसएसबी जवानों ने उसे रोक कर तलाशी ली, तो उसके पास से दो छड़ों के रूप में विस्फोटक बरामद हुआ।
एसएसबी ने तत्काल विस्फोटक जब्त कर आरोपी को माधोटांडा पुलिस को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) और अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। देर रात तक आरोपी से गहन पूछताछ की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोटक कहाँ से लाया गया था और इसके पीछे का नापाक मकसद क्या था।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि एटीएस समेत संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है और हर पहलू की बारीकी से जाँच की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी अशोक पाल ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
