झंगहा थाना क्षेत्र के बेलवार मार्ग स्थित रामपुर निवासी एक युवक ने हैदराबाद में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, जिस वक्त उसने फांसी लगाई, उस वक्त वह वीडिया कॉल पर पत्नी व घर के अन्य सदस्यों से बात कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार नन्हेलाल यादव (30) हैदराबाद में रहकर मजदूरी का कार्य करता था। उनकी पत्नी और बच्चे हाल ही में स्कूल की छुट्टियों के कारण गांव लौट आए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे नन्हेलाल ने पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से फोन पर बातचीत की।
इसी दौरान वह वीडियो कॉल पर जुड़े हुए थे और उसी दौरान उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। नन्हेलाल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। युवक की असामयिक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
परिजनों ने बताया कि नन्हेलाल की मानसिक स्थिति कभी-कभी ठीक नहीं रहती थी और वह तनाव में भी रहते थे। सूचना पर हैदराबाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
