तिवारीपुर मोड़ के पास पुलिस ने शातिर अभियुक्त को देशी तमंचा व जिंदा कारतूस सहित किया गिरफ्तार
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल कर आपराधिक छवि दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना देल्हूपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना देल्हूपुर राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह यादव एवं कांस्टेबल अतुल दूबे द्वारा क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना देल्हूपुर क्षेत्र के तिवारीपुर मोड़ के पास से अभियुक्त शिवम उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम उर्फ विक्की पुत्र शिवप्रकाश निवासी ग्राम तौकलपुर थाना देल्हूपुर जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना देल्हूपुर में मु0अ0सं0 80/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो या वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने अथवा आपराधिक छवि प्रदर्शित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली किसी भी अवैध अथवा आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
