एसपी दीपक भूकर ने विधि-विधान से कराया शुभारंभ, जनसुनवाई और त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
स्थानीय लोगों में खुशी, बोले— क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नवनिर्मित थाना ‘देल्हूपुर’ से विधिवत पुलिस कार्य संचालन का शुभारंभ कर दिया गया। भूमि पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। नवस्थापित थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य एवं विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल की मौजूदगी में थाना देल्हूपुर से आधिकारिक रूप से पुलिसिंग कार्यों की शुरुआत कराई। शुभारंभ के दौरान पूरे परिसर में धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी सहित जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने नए थाने की स्थापना को लेकर खुशी जताई और इसे कानून व्यवस्था की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि बताया। कार्य संचालन प्रारंभ होने के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय कक्ष, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष एवं जनसुनवाई कक्ष की व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि थाना आम जनता की समस्याओं के समाधान का पहला केंद्र होता है, इसलिए प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार किया जाए। उन्होंने शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई एवं ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी संचालन को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की बात कही। स्थानीय निवासियों का कहना है कि थाना देल्हूपुर से कार्य संचालन शुरू होने के बाद अब क्षेत्र के लोगों को पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई व्यवस्था में सुधार होगा। क्षेत्रवासियों ने शासन और पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि नया थाना क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
