शहर से लापता हुई एक युवती मुंबई में जोगेश्वरी इलाके में दूसरे समुदाय के युवक के साथ मिली। मामले को लेकर परिवार ने इसे लव जिहाद से जोड़ते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना की जानकारी के बाद मुंबई में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके चलते वहां कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय के अनुसार, युवती का परिवार मूल रूप से एम्स के नंदानगर क्षेत्र का रहने वाला है लेकिन वर्तमान में मुंबई में रह रहा है। परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह गोरखपुर आई थी। इसी दौरान सात मई की रात वह घर से अचानक लापता हो गई।
अगले दिन परिजनों ने एम्स थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी। जांच के दौरान दो दिन पहले युवती के मुंबई में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे, जहां पता चला कि वह जोगेश्वरी इलाके में एक दूसरे समुदाय के युवक के साथ रह रही है। इस पर परिवार ने विरोध जताते हुए लव जिहाद का आरोप लगाया।
सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मुंबई पुलिस ने हस्तक्षेप किया और युवती को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवती ने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से युवक के साथ रहने की बात कही है। उसने घर लौटने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षा के लिहाज से जोगेश्वरी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। सीओ कैंट अरुण कुमार यश ने बताया कि एम्स थाना पुलिस की टीम अब युवती का बयान दर्ज करने के लिए मुंबई जाएगी, जिसके बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
