फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस अब "फिट पुलिस, ग्रीन पुलिस और अनुशासित पुलिस" के रूप में नजर आएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति की पहल पर पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और पुलिस कर्मियों की फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए एक नई शुरुआत की गई है। काया बाइक्स के सौजन्य से जिला पुलिस को 50 हाईटेक साइकिलें मिली हैं, जिनका उपयोग पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय परिसर में दैनिक व शासकीय कार्यों के लिए किया जाएगा।
वाहनों पर निर्भरता होगी कम, पर्यावरण को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ईंधन बचाने व पर्यावरण संरक्षण के विजन को आगे बढ़ाते हुए एसएसपी अजय गणपति ने इस योजना को धरातल पर उतारा है। इन साइकिलों के इस्तेमाल से पुलिस परिसर के भीतर छोटे-मोटे कामों के लिए सरकारी वाहनों पर निर्भरता कम होगी। इससे जहां एक ओर ईंधन की भारी बचत होगी, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण पर लगाम लगाने और स्वच्छ वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
बनाए गए आधुनिक साइकिल स्टैंड
साइकिलों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन परिसर में विशेष आधुनिक साइकिल स्टैंड भी स्थापित किए गए हैं। इससे महिला और पुरुष, दोनों वर्ग के पुलिस कर्मियों को साइकिल लेने और वापस पार्क करने में सुविधा होगी।
फिटनेस और अनुशासन का संदेश
एसएसपी अजय गणपति की यह पहल केवल ईंधन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना भी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता में सुधार होगा। जिला पुलिस में लागू की जा रही यह अनूठी पहल भविष्य में अन्य सरकारी विभागों और पुलिस इकाइयों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। शाहनूर अली 151045804


