फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर में काम करने वाले नौकर पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर एवं अन्य सामान चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव किशनपुर निवासी हरेंद्र पुत्र रणवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके घर में पिछले एक वर्ष से गौरव पुत्र संजय निवासी गांव मुरादपुर थाना गजरौला नौकर के रूप में रह रहा था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व वह बिना बताए घर से चला गया। जब परिवार के लोग एक रिश्तेदारी में जाने की तैयारी कर रहे थे, तब घर में रखा सामान चेक करने पर सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान गायब मिला।
पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी ज्योति के करीब तीन तोले सोने के जेवर, उसके स्वयं के लगभग चार तोले सोने के आभूषण तथा आठ से दस तोले चांदी की पाजेब, चेन समेत अन्य सामान गायब है। आरोप है कि जब गौरव से फोन पर संपर्क किया गया तो उसने नशे में होने की बात कहते हुए सामान ले जाने की बात स्वीकार की और गांव आकर सामान ले जाने को कहा।
पीड़ित का कहना है कि रात में जब वह आरोपी के गांव पहुंचा तो उसका फोन बंद मिला। वहीं आरोपी के परिजनों ने उसके किसी अन्य स्थान पर होने की जानकारी दी। बाद में बताए गए स्थान पर पहुंचने पर भी गेट बंद मिला और काफी कहने के बावजूद किसी ने गेट नहीं खोला।
पीड़ित हरेंद्र ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द से जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी एवं आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044750
