फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । सरदारनगर विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय तिलौली में आयोजित 16वें निःशुल्क ग्रीष्मकालीन शिविर के तीसरे दिन बच्चों में उत्साह और ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। दिनभर चली विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और नए कौशल सीखने का अवसर प्राप्त किया।
शिविर की शुरुआत योगाभ्यास से हुई, जिसमें बच्चों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने वाले योगासन किए। इसके बाद ताईक्वांडो प्रशिक्षण सत्र में बच्चों ने आत्मरक्षा से जुड़े पंच और अनुशासनात्मक तकनीकों का अभ्यास किया। इस गतिविधि ने बच्चों में आत्मविश्वास और सजगता का संचार किया।
नृत्य गतिविधि में भी बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों ने पेपर कोलाज तैयार किए तथा “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” गतिविधि के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक वाल हैंगिंग बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।
शिविर का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा स्वयं की “जर्नलिंग डायरी” तैयार करना रहा। बच्चों ने डायरी की बाइंडिंग करना, आकर्षक कवर डिजाइन करना एवं उसे सजाना सीखा। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता, सूक्ष्म मोटर कौशल तथा आत्मनिर्भरता विकसित करने का प्रयास किया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुश्री अल्पा निगम ने बताया कि शिविर में आयोजित सभी गतिविधियाँ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) की भावना के अनुरूप बच्चों में 21वीं सदी के आवश्यक कौशल जैसे रचनात्मक चिंतन, सहयोगात्मक अधिगम, संवाद कौशल, समस्या समाधान क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने पर केंद्रित हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों को केवल अकादमिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक जीवन कौशल एवं सामाजिक दक्षताओं से भी समृद्ध बनाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ पूर्व छात्र-छात्राएं अंजलि, तृषा, मुकेश, अंश, मीनाक्षी, साक्षी, अम्ब्रीश तथा शिक्षामित्र संगीता यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
