फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रतापगढ़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता का आयोजन कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भारत को आधुनिक तकनीक एवं दूरसंचार क्रांति की दिशा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी का योगदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की युवा सोच, आधुनिक दृष्टिकोण एवं भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का संकल्प देश के विकास में मील का पत्थर साबित हुआ। प्रतियोगिता का पहला मैच गोमती ग्लोबल स्कूल और अमेठी की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोमती ग्लोबल स्कूल की टीम ने 35 ओवर में 10 विकेट खोकर 262 रन बनाए। टीम की ओर से सक्षम सिंह ने शानदार 78 रन तथा कार्तिकेय तिवारी ने 61 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अमेठी टीम की ओर से विवेक यादव ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि साहिल और कार्तिकेय ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेठी की टीम 175 रन पर ऑल आउट हो गई। अमेठी की ओर से कार्तिकेय पांडे ने 40 रन एवं शिवकांत यादव ने 23 रन बनाए। गोमती ग्लोबल स्कूल की ओर से चंदन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि आदर्श दुबे ने 3 विकेट प्राप्त किए। शानदार प्रदर्शन के चलते गोमती ग्लोबल स्कूल ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चंदन पाल को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। मैच के अंपायर स्वास्तिक एवं अनिमेष रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर, सदर ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद वसीम, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शुभम मिश्रा, जिला सचिव आशिक अली, अभिषेक तथा देवमणि पांडेय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
