फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग की दिशा में कार्यरत महिला सहायता प्रकोष्ठ द्वारा सराहनीय पहल करते हुए दो परिवारों को टूटने से बचा लिया गया। पारिवारिक विवाद एवं आपसी मतभेद के चलते अलग रह रहे दो दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया। प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं क्षेत्राधिकारी नमिता सिंह के नेतृत्व में दोनों पक्षों को महिला सहायता प्रकोष्ठ कार्यालय बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पति-पत्नी के बीच उत्पन्न हुए मतभेदों को शांतिपूर्ण संवाद एवं आपसी समझदारी के माध्यम से दूर कराया गया। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को परिवार की महत्ता एवं रिश्तों की गरिमा के बारे में समझाया गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के साथ पुनः जीवन शुरू करने की सहमति दी। दोनों परिवारों ने महिला सहायता प्रकोष्ठ की पहल की सराहना करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का संकल्प लिया। महिला सहायता प्रकोष्ठ की इस पहल से न केवल दो परिवार टूटने से बच गए, बल्कि समाज में पारिवारिक मूल्यों एवं आपसी संवाद की महत्ता का सकारात्मक संदेश भी गया। महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रतापगढ़ द्वारा लगातार ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पारिवारिक विवादों का समाधान कराया जा रहा है, जिससे परिवारों में खुशहाली एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
