फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर में लग रहे भीषण ट्रैफिक जाम को लेकर एक जागरूक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर की गई शिकायत का बड़ा असर देखने को मिला। मामले का संज्ञान स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर अवैध रूप से किसी भी प्रकार के वाहन खड़े न होने पाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट हरकत में आया और बाजार में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर अवैध तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों को सीज कर दिया, जबकि 33 वाहनों का चालान किया गया।
कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस टीम ने दुकानदारों और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
इस दौरान टीएसआई शिव बदन यादव एवं कांस्टेबल संजीत कुमार ने पुलिस टीम के साथ मिलकर अभियान का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने बताया कि चौबेपुर बाजार में बढ़ते जाम की समस्या को गंभीरता से लिया गया है और आम जनता को राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि बाजार में लंबे समय से अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब कार्रवाई शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
ई
