कुआनो नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से हुई मौत
इटियाथोक।/गोंडा कुआनो नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। खरगूपुर के थाना क्षेत्र के जानकीनगर निवासी 16 वर्षीय सोनू पुत्र असलम इन दिनों बलरामपुर जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत विशुनीपुर गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह गांव के तीन अन्य बच्चों के साथ कुआनो नदी में नहाने चला गया। नहाते समय सोनू अचानक नदी के गहरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा।साथ में मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घबराए बच्चे दौड़कर गांव पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए और किशोर की तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना पर थाना इटियाथोक के भवानीपुर खुर्द चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। भवानीपुर खुर्द चौकी प्रभारी आरके रमन ने बताया कि बलरामपुर कोतवाली देहात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट पवन कुमार द्विवेदी गोंडा 151051049
