फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की तीन दिवसीय परीक्षा सोमवार को जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के निर्देशन में स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रतापगढ़ द्वारा नामित पर्यवेक्षकों तथा डायट प्रतापगढ़ के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल कराई गई। नगर क्षेत्र स्थित पीबी इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ सिटी में प्रधानाचार्य डॉ. अनूप सिंह के नेतृत्व में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई। परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक डॉ. विंध्याचल सिंह तथा डायट से नामित पर्यवेक्षक डॉ. सतीश चंद्र तिवारी एवं विजय कुमार लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।प्रथम पाली में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक “आरंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित पठन-लेखन एवं क्षमता का विकास” विषय की परीक्षा आयोजित हुई, जबकि द्वितीय पाली में अपराह्न 1:30 बजे से 3:30 बजे तक “शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन” विषय की परीक्षा संपन्न कराई गई।पहली पाली में पंजीकृत 793 परीक्षार्थियों में 780 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में भी 793 में से 780 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान केंद्र पर अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।परीक्षा केंद्र का निरीक्षण उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट रमेश तिवारी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन व्यवस्था का जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।परीक्षा संचालन में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अखिलेश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, महमूदुल हसन, प्रदीप कुमार सरोज एवं मोहम्मद शमशाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
