घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद, पुलिस से बचकर फरार चल रहा था आरोपी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने शादी समारोह में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम रामपुर में एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने अवैध असलहों से स्टेज और बारातियों के बीच फायरिंग कर दी थी। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 237/26 के तहत कई नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली नगर सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रखहा बाजार से 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शनि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त शनि सिंह पुत्र स्वर्गीय अजीत सिंह निवासी गोडे थाना कोतवाली नगर प्रतापगढ़ के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना के बाद उसने प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस को बेनीपुर नहर के पास बाग में पेड़ के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया था और लगातार पुलिस से बचकर फरार चल रहा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मारपीट, धमकी, बलवा, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकित कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक अनुपम त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल नासिर कमाल, कांस्टेबल योगेश, कांस्टेबल हिमांशु पौनिया तथा चालक हेड कांस्टेबल पवन मौर्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
