फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद की दिलीपपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन जैसे गंभीर आरोपों में फरार चल रहे दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर थाना क्षेत्र के जगदम्बा चौराहा, ग्राम वशीरपुर के पास से दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बलराम सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फहाद खां उर्फ सादाब पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी ग्राम कोठियाही थाना दिलीपपुर, उम्र लगभग 26 वर्ष तथा सैफ खां पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी ग्राम कोठियाही थाना दिलीपपुर, उम्र लगभग 21 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना दिलीपपुर में अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पर इनाम घोषित किया था और लगातार तलाश जारी थी। बताया जा रहा है कि दोनों अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस की सक्रिय निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार दोनों कानून के शिकंजे में आ गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलराम सिंह के साथ उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल सुभाष विश्वकर्मा, कांस्टेबल आनंद कुमार, आरक्षी अजीत सिंह, महिला आरक्षी प्रियंका, आरक्षी रामजनम सिंह तथा चालक विनोद यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
