कर्मचारियों को लक्ष्य आवंटित कर फार्मर रजिस्ट्री के कार्यो में लाये तेजी-डीएम
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्यो में तेजी लाने हेतु कैम्प कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को देर सायंकाल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी व सम्बन्धित विभागीय अधिकारी को योजनाओं की प्रगति शत् प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। उन्होने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दास्त नही की जायेगी। उन्होने निर्देशित किया कि प्रत्येक कर्मचारी एवं सम्बन्धित कार्मिक को लक्ष्य आवंटित किया जाये, प्रतिदिन कार्यो की मानीटरिंग की जाये जिससे फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शत् प्रतिशत पूर्ण किया जा सके, जिन कर्मचारियों को लक्ष्य आवंटित किया जाये यदि उनके द्वारा फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शून्य पाया जाये तो उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि ग्राम स्तर पर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी एवं अन्य औपचारिकतायें पूर्ण करायी जाये ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ समय से प्राप्त हो सके। उन्होने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करें, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यो में तेजी लायी जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति, उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सहित उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
